Neeraj Dwivedi, Updated, 2 August 2026
लखनऊ, 2 अगस्त: उत्तर प्रदेश में रविवार को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि रहीं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों पर जुड़े एक करोड़ से ज्यादा युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशे के खिलाफ निर्णायक जनआंदोलन छेड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, KGMU की कुलपति प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई., MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और सैकड़ों युवा मौजूद रहे। KGMU में 300 से अधिक स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली, जबकि प्रदेश के सभी जिलों और विकास खंडों में भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश के भविष्य का भी दुश्मन है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इस बुराई से बचाने के लिए आगे आएं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अभियान एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों, जनसंवाद और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से पूरे देश में चलाया जाएगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर युवा कम से कम एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले। उन्होंने KGMU के गोद लिए गांवों में घर-घर सर्वे कर नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करने और उन्हें चिकित्सकीय सहायता व जागरूकता के जरिए नई जिंदगी देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और छात्र केवल इलाज तक सीमित न रहें, बल्कि समाज में बदलाव के वाहक भी बनें।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनना चाहिए, घर का पौष्टिक भोजन अपनाना चाहिए और फास्ट फूड व ऑनलाइन भोजन पर अनावश्यक निर्भरता कम करनी चाहिए।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं KGMU की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा में आगे बढ़ाती है।
MY Bharat उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत आने वाले 100 सप्ताह में पूरे प्रदेश में वॉकाथॉन, योग शिविर, फिटनेस अभियान, नुक्कड़ नाटक, डिजिटल ई-प्लेज, जनसंवाद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि नशामुक्ति का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल, मंत्रियों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ ली। पूरे सभागार में नशामुक्त भारत के संकल्प की गूंज सुनाई दी और युवाओं ने समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।




