Neeraj Dwivedi, Updated, 2 August 2026
लखनऊ, 2 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले विधानभवन को आधुनिक तकनीक और बेहतर संसदीय सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विधानभवन परिसर में कई नई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें विधान परिषद की अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी, परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य, मुख्य भवन के भूतल पर नवीनीकृत कॉरिडोर और विधानसभा का नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो शामिल हैं।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीकॉप्टर थीम पर विकसित विशेष डिजिटल मॉडल में बैठकर उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का अवलोकन किया। इस प्रस्तुति में अयोध्या, काशी, मथुरा सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा के अत्याधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो का भी निरीक्षण किया। यह स्टूडियो भविष्य में विधानसभा की कार्यवाही, जनहित से जुड़े विषयों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यमों से अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सदन के भीतर जाकर व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और अधिकारियों से विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इन नई परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश विधानसभा को तकनीक आधारित, पारदर्शी, जनोन्मुखी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने का प्रयास किया गया है। डिजिटल लाइब्रेरी से सदस्यों को अध्ययन और शोध में सुविधा मिलेगी, जबकि आधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो विधानसभा और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री के विधानभवन पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित अनेक मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


