यूपी में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी

Neeraj Dwivedi Updated, 02 July 2026 18:30 PM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राहत आयुक्त ने भी सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

 

आज रात 8:30 बजे से कल सुबह 8:30 बजे तक कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 

इसके अलावा कानपुर नगर, कानपुर देहात, वाराणसी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश और मेघगर्जन की चेतावनी दी गई है।

 

वहीं लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, शाहजहांपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

 

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

 

फिलहाल, पूरे उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *