लखनऊ अग्निकांड में प्रशासन सख्त: 6 पर केस, 4 गिरफ्तार, 4 अधिकारी निलंबित

नीरज द्विवेदी। लखनऊ: अलीगंज स्थित बहुमंजिला इमारत में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक के बाद भवन मालिक समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि 4 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला (भवन मालिक), रामकृष्ण उपाध्याय (पेट शॉप एवं क्लीनिक संचालक), तुषाक कृष्णा जायसवाल (गेमिंग जोन संचालक) और सुरेश कुमार (किरायेदार) को गिरफ्तार किया है। वहीं सुरेंद्र शुक्ला और धीरेंद्र शुक्ला की तलाश जारी है।

मामले में गैर इरादतन हत्या, लापरवाही और अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं।

प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई करते हुए ऊर्जा विभाग के गौरव कुमार, फायर विभाग के कमलेन्द्र कुमार सिंह तथा एलडीए के अनिल कुमार और प्रमोद पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भवन का मूल नक्शा आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत था, जबकि वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पूरे मामले की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *