पीएम मोदी की अपील पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मेट्रो और नमो भारत ट्रेन से किया सफर

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने, सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करने, अनावश्यक यात्राओं से बचने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने की अपील का प्रभाव अब जनप्रतिनिधियों के व्यवहार में भी दिखाई देने लगा है।

यूपी सरकार के  व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली से मेरठ तक की यात्रा मेट्रो एवं नमो भारत ट्रेन से की और आमजन को ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दिया। कपिल देव जी शाम इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट से उन्होंने निजी वाहन का उपयोग न करते हुए मेट्रो के माध्यम से सराय काले खां रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने नमो भारत ट्रेन द्वारा मेरठ के लिए प्रस्थान किया तथा रात्रि में मोदीपुरम स्टेशन, मेरठ पहुंचे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक बचत और भविष्य की पीढ़ियों के लिए संसाधनों को सुरक्षित रखने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे, तभी समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और लोग भी इसके लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को अपनाने से न केवल पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी, बल्कि सड़कों पर वाहनों का दबाव घटने से प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने युवाओं, कर्मचारियों, छात्रों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे छोटी एवं नियमित यात्राओं में मेट्रो, बस और रैपिड रेल जैसी सुविधाओं का अधिक उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *