नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 20 जुलाई: बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान शिव का विधि-विधान से दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने बाबा भोलेनाथ की आरती उतारकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में डमरू वादन और पारंपरिक स्वागत के बीच मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय कलाकारों से मुलाकात कर उनकी कला की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन भी किया।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर धाम में निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉरिडोर का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर के पीछे आयोजित जनकल्याण कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उन्हें खिलौने व चॉकलेट भेंट कर स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और बच्चों से उनके प्रोजेक्ट के बारे में बातचीत की। कार्यक्रम के दौरान बाराबंकी जिले के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसे मुख्यमंत्री ने देखा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए सहायता राशि, स्वीकृति पत्र, टूल किट और कृषि यंत्रों की चाबियां वितरित कीं। कृषि यंत्र योजना के तहत शिवशंकर वर्मा और छाया देवी को चार-चार लाख रुपये की सहायता, जबकि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत मोहसिन मतीन को 10 लाख और मुकेश कुमार को 3.10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत शांति देवी को सिलाई टूल किट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत नितेश वर्मा को पांच लाख रुपये तथा ओडीओपी योजना के अंतर्गत मोहम्मद आलम को 21 लाख रुपये का चेक सौंपा। वहीं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत हेमकरण माथुर को 3.90 करोड़ रुपये से अधिक तथा हर्षिता वर्मा को 15 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत प्रमेंद्र विक्रम सिंह को 11.80 लाख रुपये से अधिक का चेक दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आरती देवी और गायत्री देवी को आवास स्वीकृति पत्र सौंपे गए। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आरती एवं अशोक कुमारी सिंह को सामुदायिक निवेश निधि के लिए 3.19 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया। धार्मिक आस्था, विकास और जनकल्याण के संगम बने इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।




