नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 06 जुलाई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और खिलाड़ियों के नाम लिखी अपनी पाती में कहा कि उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी का गौरव बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम के पहली बार चैंपियन बनने और 20 पदक जीतकर नया इतिहास रचने पर खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही अंडर-18 हॉकी एशिया कप विजेता भारतीय टीम में प्रदेश के पांच खिलाड़ियों के योगदान की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है। हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम, हर जिले में आधुनिक स्टेडियम और मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर समाज के निर्माण की मजबूत नींव हैं।



