लखनऊ। Neeraj Dwivedi Updated Sat, 27 Jun 2026 16:35 PM IST
जेवर, 27 जून। गौतम बुद्ध नगर के जेवर में शनिवार को 6,785 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। अंबर एंटरप्राइजेज और दक्षिण कोरिया की कोरिया सर्किट्स के संयुक्त उपक्रम “एसेंट के सर्किट्स” की इस परियोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। उन्होंने कहा कि यह निवेश प्रदेश में रोजगार, औद्योगिक विकास और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को नई रफ्तार देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि भारत में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तैयार हो रहे हैं। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के उत्पादन में भी प्रदेश तेजी से अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक फैक्ट्री नहीं बल्कि पूरे इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने वाली पहल है। इसके जरिए नए उद्योग स्थापित होंगे, स्थानीय सप्लाई चेन को बढ़ावा मिलेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
सीएम ने केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की विकास परियोजनाओं को केंद्र से समयबद्ध स्वीकृति मिल रही है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और बड़ी परियोजनाओं का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने भारत और दक्षिण कोरिया के ऐतिहासिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव आज औद्योगिक साझेदारी के रूप में और मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संयुक्त उपक्रम भविष्य में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने के लिए उद्योग अनुकूल नीतियां लागू की हैं। सिंगल विंडो सिस्टम, विशाल लैंड बैंक, बेहतर कानून व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रियाओं के कारण प्रदेश आज देश और विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और उत्तर प्रदेश इस लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। बड़े निवेश प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्टार्टअप, निर्यात और आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
जेवर क्षेत्र में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जहां कभी यह इलाका पिछड़ेपन की पहचान माना जाता था, वहीं आज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और लगातार हो रहे निवेश के कारण यह औद्योगिक विकास का नया केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में जेवर देश के सबसे बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अंबर ग्रुप व कोरिया सर्किट्स के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


