यूपी के गांव में 300 साल पुराने मंदिर को मिलेगी नई पहचान, एक करोड़ रुपये से हो रहा कायाकल्प

फतेहपुर के पासी बाबा मंदिर को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में किया जा रहा विकसित, 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा

बुद्ध पूर्णिमा पर जुटते हैं करीब 50 हजार श्रद्धालु, मंदिर परिसर में यात्री शेड से लेकर इंटरलॉकिंग मार्ग तक की होंगी सुविधाएं

नीरज द्विवेदी। लखनऊ। उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने के लिए अब गांवों में स्थित प्राचीन और कम चर्चित धार्मिक स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा रहा है। इसी कड़ी में फतेहपुर जिले के जहानाबाद स्थित करीब 300 साल पुराने पासी बाबा मंदिर का कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का विकास कराया जा रहा है। परियोजना का 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और नवंबर माह के अंत तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है।

श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्री शेड, इंटरलॉकिंग मार्ग, दिशा-सूचक बोर्ड और स्वच्छता संबंधी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन कार्यों के पूरा होने से श्रद्धालुओं को विश्राम, आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। मंदिर परिसर को व्यवस्थित और सुविधाजनक स्वरूप देने के साथ इसके धार्मिक महत्व को भी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

कई राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है मंदिर

जहानाबाद का पासी बाबा मंदिर लगभग तीन शताब्दी पुराना धार्मिक स्थल है। जहानाबाद के विधायक राजेंद्र सिंह पटेल के मुताबिक, इस मंदिर में विभिन्न समुदायों के लोगों की गहरी आस्था है। उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में स्थित पवित्र सरोवर का भी विशेष धार्मिक महत्व है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, सरोवर में स्नान करने से कुष्ठ रोग सहित अन्य बीमारियों में राहत मिलती है।

बुद्ध पूर्णिमा पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

पासी बाबा मंदिर में प्रत्येक वर्ष बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन होता है। इस दौरान विभिन्न जिलों से करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी मंदिर की क्षेत्रीय लोकप्रियता और धार्मिक महत्व को दर्शाती है। मंदिर के विकास से इस आयोजन में आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का जोर

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे कम चर्चित धार्मिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है, जिनका स्थानीय स्तर पर ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। उन्होंने कहा कि इन स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय कारोबारियों, कारीगरों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन मानचित्र का विस्तार करने में ग्रामीण क्षेत्रों के प्राचीन धार्मिक स्थलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के साथ उनकी मूल सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को संरक्षित रखना भी जरूरी है।

नवंबर के अंत तक विकास कार्य पूरे होने के बाद पासी बाबा मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे फतेहपुर के धार्मिक पर्यटन को विस्तार मिलने के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *