स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण, संतों का सम्मान; 7,240 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
नीरज द्विवेदी। लखनऊ/मथुरा, 3 सितंबर। जन्माष्टमी के पावन पर्व से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा को विकास और जनकल्याण की कई सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया और संतों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और आवास की चाबियां वितरित कीं। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि का वितरण किया गया।
👶 नन्हे-मुन्नों को गोद में लेकर कराया अन्नप्राशन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में बच्चों को गोद में लेकर दुलारा-पुचकारा। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें खीर खिलाई। बच्चों को गुड़िया व खिलौने भी भेंट किए गए। वहीं महिलाओं को उपहार और फलों की टोकरियां वितरित की गईं।
🙏 संतों का किया सम्मान
स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री ने संतों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र और फल भेंट किए। कार्यक्रम में प्रेक्षागृह के निर्माण और विकास पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार करने वाले बटुकों से परिचय भी प्राप्त किया।
🕉️ 51 कलाकारों ने नृत्य के जरिए दिखाए श्रीकृष्ण के विविध स्वरूप
कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और कला की शानदार झलक देखने को मिली। शिवोअहं प्रोडक्शन के 51 कलाकारों ने देश की विभिन्न नृत्य शैलियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के अलग-अलग स्वरूपों और भावों को मंच पर प्रस्तुत किया।
इस प्रस्तुति की कोरियोग्राफी बीएचयू वाराणसी की कथक नृत्यांगना शिवानी मिश्रा ने की। वहीं हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय, वृंदावन की छात्राओं ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया।
🛍️ स्टॉलों पर पहुंचे CM, महिलाओं से ली योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाले लोगों से बातचीत कर उनके कार्यों की जानकारी ली।
🎁 इन लाभार्थियों को मिली सौगात
मनोज कुमार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ₹5 लाख का चेक दिया गया।
अर्चना को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड की टूल किट मिली।
तोरन सिंह को मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत ₹3.20 लाख का स्वीकृति पत्र दिया गया।
शैलेंद्र सिंह को मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत ₹11.80 लाख का स्वीकृति प्रमाण पत्र मिला।
पुष्पेंद्र सिंह को स्वदेशी गोसंवर्धन योजना के तहत ₹80 हजार का स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया गया।
इसके अलावा डॉ. प्रिंसेज चक्रवर्ती और डॉ. रजत द्विवेदी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुरारी लाल को कन्या विवाह सहायता योजना के तहत ₹65 हजार, राजवीर सिंह को दुग्ध प्रसंस्करण के लिए ₹8.75 लाख और सौरभ कुमार वर्मा को मसाला प्रसंस्करण के लिए ₹4.12 लाख से अधिक का चेक दिया गया।
वहीं श्यामवती और ममता को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी मिली, जबकि सुखदेई को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत ₹5 लाख का चेक प्रदान किया गया।
📖 पुस्तक का भी किया विमोचन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1980 बैच की सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आराधना जौहरी की पुस्तक का विमोचन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमामालिनी समेत जनप्रतिनिधि, संत, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के पदाधिकारी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।



