सीएम योगी बोले- आज यूपी दंगा, कर्फ्यू और अराजकता से मुक्त, निवेशकों और व्यापारियों का विश्वास लौटा
नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 8 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को लेकर पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट थी और हर जनपद में माफिया अपनी समानांतर व्यवस्था चला रहे थे। हत्या, फिरौती और अपहरण जैसे अपराधों का उद्योग फल-फूल रहा था।
उन्होंने कहा कि पेशेवर माफिया और गुंडे सत्ता के समानांतर अपनी व्यवस्था संचालित करते थे। बाहर से निवेश का सपना लेकर आने वाला कारोबारी वसूली की पर्ची लेकर लौटता था। माफिया खुलेआम हथियार लहराते थे और जमीनों पर कब्जा करते थे, जबकि तत्कालीन सरकार मौन रहती थी।
‘यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था’
सीएम योगी ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश के नागरिकों के सामने पहचान का संकट तक पैदा हो गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बाहर यूपी के लोगों को आवास और होटल में कमरा तक देने में लोग हिचकिचाते थे। मुख्यमंत्री ने इसे समाज के लिए गंभीर स्थिति बताया।
‘अब यूपी दंगा और कर्फ्यू मुक्त’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू और अराजकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यूपी अब दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त और उपद्रवमुक्त प्रदेश बन चुका है।
उन्होंने कहा कि अब कोई माफिया खुलेआम जीप में पिस्टल लहराते हुए नहीं घूम सकता। बेटी, व्यापारी या निवेशक की सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा, “अगर किया तो दो ही जगह हैं, या तो जेल या फिर जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं।”
‘बदले यूपी में निवेशकों का विश्वास लौटा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास बहाल हुआ है। इसका परिणाम यह है कि आज आमजन के साथ-साथ उद्यमियों और व्यापारियों का भी उत्तर प्रदेश पर विश्वास बढ़ा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यूपी टेक्स मित्रा पोर्टल, हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना और उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा यूपी टेक्सटाइल पॉलिसी के तहत एलओसी और प्रोत्साहन राशि का वितरण भी किया।
दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्रोद्योग केंद्र के रूप में विकसित करने और प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश, रोजगार तथा कौशल विकास को बढ़ावा देना है।




