योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, देर रात 20 IAS अधिकारियों के तबादले; कई अहम विभागों को मिले नए अधिकारी

नीरज द्विवेदी। लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस बदलाव में राजस्व, चिकित्सा शिक्षा, ऊर्जा, नगर विकास, संस्कृति और ग्रामीण विकास जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं।

तबादला सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा को श्रमायुक्त बनाया गया है। वहीं डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक, निबंधन और नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा विभाग का सचिव एवं महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इन तीनों अधिकारियों को इसी वर्ष की शुरुआत में नई जिम्मेदारियां मिली थीं।

ऊर्जा विभाग में भी अहम बदलाव हुआ है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है। उनकी जगह संदीप भागिया को निगम का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

अन्य नियुक्तियों में दीपा रंजन को संस्कृति विभाग में विशेष सचिव, जग प्रवेश को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव, ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नगर आयुक्त, राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी, संजय कुमार सिंह को इटावा और आलोक कुमार को बलिया का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

सरकार की ओर से इन तबादलों पर विस्तृत आधिकारिक टिप्पणी जारी नहीं की गई है। प्रशासनिक हलकों में इसे शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभागीय कार्यों में तेजी लाने की नियमित प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *