लखनऊ: मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज ने विभिन्न जनपदों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से आई आपदा के दृष्टिगत राहत कार्य तेजी से संचालित किए जाने के निर्देश आज संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि आपदा प्रभावित जनपदों के प्रभारी मंत्री अपने प्रभार वाले जनपदों में तत्काल पहुंचकर राहत कार्यों का अनुश्रवण करते हुए इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं।
सीएम योगी जी ने बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं के प्राथमिकता के आधार पर सुचारु संचालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
योगी आदित्यनाथ जी ने प्रभावित परिवारों को अविलंब सहायता, घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था एवं आपदा में दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को ₹04-04 लाख की अनुमन्य सहायता राशि तत्काल प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने राहत आयुक्त कार्यालय कण्ट्रोल रूम को निरन्तर क्रियाशील रखते हुए राहत एवं सहायता कार्यां की सतत मॉनीटरिंग के निर्देश दिए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार प्रदेश में विगत 24 घण्टे में खराब मौसम के कारण 26 जनपदों में आँधी-तूफान, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से 111 जनहानि, 170 पशुहानि तथा 200 मकान क्षति की घटनाएँ हुई हैं। 72 लोग घायल हुए हैं। विवरण के अनुसार जनपद प्रयागराज में 21, मीरजापुर में 19, फतेहपुर में 11 तथा संत रविदास नगर में 16 जनहानि हुई हैं।


