नीरज द्विवेदी। Tue, 02 Jun 2026 03:30 PM IST
लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र में सोमवार बंगला बाजार पुलिस चौकी के पास मां चंद्रिका ट्रेडर्स के नाम से राशन दुकानदार मनीष साहू को दोपहर में डिलीवरी देने आए एक पोर्टर कर्मचारी से किसी बात पर कहासुनी हो गई। इस बात पर थोड़ी देर बाद पोर्टर कर्मी और उसके साथियों ने दुकानदार पर हमला कर पीटा और फरार हो गए। जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी भाग निकले। दुकानदार के मुताबिक, हमलावरों ने पहले उसे पीटा और उसके पास मौजूद करीब 4 लाख रुपये से भरा बैग लूटने का प्रयास किया।
इस घटना के बाद दोपहर में दुकानदार ने आशियाना पुलिस पर शुरुआत में कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया। कार्रवाई नहीं होने से नाराज 15-20 लोगों ने देर रात बंगला बाजार चौकी पर पहुंच कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चौकी का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
आशियाना थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर आरोपी पोर्टर कर्मी पीड़ित की दुकान पर सामान डिलीवर करने आया था। उसकी दुकानदार से किसी बात पर कहासुनी हो गई। इस पर आरोपी ने उसे पीट दिया। पीड़ित का आरोप है कि पोर्टर कर्मी ने उनके पास रखे करीब चार लाख रूपये लूटने का भी प्रयास किया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। जिसके आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, पूछताछ की जा रही है। पुलिस दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अन्य हमलावरों की पहचान कर रही है। बाकी की तलाश जारी है।


