राजधानी लखनऊ में जनसंख्या विस्फोट, आबादी पहुंची 59 लाख के पार 2011 में 28 लाख, अब 60 लाख के करीब पहुंची आबादी!

लखनऊ की आबादी 60 लाख के करीब, 15 साल में दोगुनी से ज्यादा बढ़ी जनसंख्या

नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 21 जून: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनसंख्या वृद्धि ने नया रिकॉर्ड बनाया है। नवीनतम जनगणना सर्वेक्षण के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर लखनऊ की आबादी लगभग 59.2 लाख तक पहुंच गई है। वर्ष 2011 की जनगणना में यह संख्या करीब 28.17 लाख थी, यानी पिछले 15 वर्षों में आबादी दोगुने से भी अधिक बढ़ गई है।

प्रशासन द्वारा कराए गए हाउसहोल्ड सर्वे के अनुसार जिले में कुल 9,101 गणना ब्लॉक बनाए गए थे। इनमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की अलग-अलग गणना की गई। अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी 17.64 लाख और शहरी क्षेत्रों की आबादी 41.55 लाख से अधिक दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और बेहतर जीवनशैली की तलाश में बढ़ते पलायन के कारण राजधानी में जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका सबसे अधिक प्रभाव शहरी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है, जहां लगातार नए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित हो रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। एक महीने तक चले सर्वेक्षण के दौरान गांवों में 17 लाख से अधिक लोगों की गणना की गई। वहीं शहर में अब तक की गणना के आधार पर 44 लाख से अधिक लोगों की मौजूदगी का अनुमान लगाया गया है।

यदि अंतिम जनगणना आंकड़े भी इसी दिशा में रहे, तो लखनऊ जल्द ही 60 लाख की आबादी वाला महानगर बन जाएगा। इससे शहर के बुनियादी ढांचे, यातायात, आवास और सार्वजनिक सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *