अयोध्या में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले, “हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा करा पाएंगे?”

नीरज द्विवेदी। अयोध्या, 10 जुलाई: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या जनपद के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा में विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल आस्था का दिखावा करते हैं, जबकि उनकी नीतियां और कार्य सनातन परंपराओं के विपरीत रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का कार्य किया, वे यह बताएं कि क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकते हैं? यदि ऐसा संभव नहीं है तो हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र धार्मिक स्थल पर ऐसा क्यों कराया गया? उन्होंने इसे आस्था के साथ अन्याय बताते हुए विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीकापुर में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर विकास और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में अयोध्या के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया और उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने मंच से दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतपुर भरतकुंड नगर पंचायत किया जाएगा। वहीं खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नया नाम मां ज्वाला नगर पंचायत होगा। उन्होंने कहा कि इन नामों से क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

अयोध्या के विकास का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक अयोध्या विकास से वंचित रही। सड़क, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जिससे श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद अयोध्या में व्यापक परिवर्तन हुआ है। आज राम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, चौड़ी सड़कें, आधुनिक रेलवे स्टेशन, नए घाट, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पर्यटन सुविधाओं ने अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी बना दिया है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। राम की पैड़ी, नया घाट, गुप्तार घाट, सूरजकुंड और भरतकुंड जैसे स्थलों का विकास तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से गुप्तार घाट और अन्य विकसित स्थलों का भ्रमण करने की भी अपील की।

विपक्ष पर साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में लगातार बाधाएं उत्पन्न कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए और रामभक्तों पर गोलियां तक चलवाईं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ है और देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने श्रृंग्वेरपुर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पहले वक्फ के नाम पर कब्जे की कोशिश की जा रही थी, वहां अब भाजपा सरकार ने भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा तथा स्मारक का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रही है।

जनप्रतिनिधियों की भूमिका की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि सक्रिय हों और उनकी नीयत साफ हो तो विकास की गति तेज होती है। उन्होंने बीकापुर के विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि बीकापुर, मिल्कीपुर, रुदौली और गोसाईगंज में भी लगातार विकास परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

बारिश के बीच उमड़ी भीड़ का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार बारिश के बावजूद जनता का उत्साह कम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी डटे रहने का जज्बा अयोध्या की पहचान है और यही भावना प्रदेश के विकास को नई ऊर्जा देती है।

कार्यक्रम में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *