महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, अपर्णा यादव ने दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

लखनऊ में मिशन शक्ति के तहत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन, अपर्णा यादव ने नवजात बेटियों का किया स्वागत

नीरज द्विवेदी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने गुरुवार को लखनऊ में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में नवजात बेटियों और उनकी माताओं से मुलाकात कर बेबी किट वितरित की तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म में भी शामिल हुईं।

निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न संस्थाओं का दौरा किया और वहां रह रही बालिकाओं एवं शिशुओं से संवाद किया। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, कौशल विकास और पुनर्वास को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए अधिकारियों को स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रम लगातार संचालित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में एनआईओएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली 63 बालिकाओं को बैग वितरित किए गए। अपर्णा यादव ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना समाज की साझा जिम्मेदारी है।

बाद में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *