प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजा-अनुष्ठान; पुरोहितों, आचार्यों और स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान, श्रद्धालुओं को बांटा मिष्ठान
नीरज द्विवेदी। वाराणसी, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और जलाभिषेक व आरती में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के साथ देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई।
बाबा विश्वनाथ का किया विशेष पूजन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की पूर्ति के लिए भी प्रार्थना की।
पुरोहितों और स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में सेवाएं दे रहे पुरोहितों और आचार्यों का सम्मान किया गया। धाम की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के मौके पर कुल 76 किलो लड्डू तैयार किए गए थे।
राजनाथ सिंह बोले- विकसित भारत के लक्ष्य की हो पूर्ति
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सभी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना के साथ भारत को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए प्रार्थना किए जाने की बात कही।
सीएम योगी ने पीएम मोदी के स्वस्थ जीवन की कामना की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बाबा विश्वनाथ के पावन धाम में विशेष पूजा-अनुष्ठान किया गया। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़े।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, विधायक नीलकंठ तिवारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



