अखिलेश यादव का बड़ा दावा, बोले- ‘जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार, 2027 में बनेगी PDA सरकार’

नीरज द्विवेदी। लखनऊ से बड़ी राजनीतिक खबर है। समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में जिला और महानगर अध्यक्षों समेत बूथ स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है, लेकिन भाजपा साजिश कर सकती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सतर्क रहना होगा। उन्होंने PDA परिवार को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर पर पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी का षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर नजर रखने और बूथ स्तर पर अपनी जिम्मेदारी मजबूती से निभाने को कहा।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश विकास के मामले में पीछे गया है और भाजपा ने समाज में नफरत फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया।

वहीं, अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को भाषा में संयम, व्यवहार में शालीनता और संगठन में अनुशासन बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की चालों से सावधान रहें और किसी के जाल में न फंसें।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के आधार पर चुनाव लड़ेगी और 2027 में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में हर वर्ग के साथ न्याय होगा और सभी को हक और सम्मान मिलेगा।

बैठक में शिवपाल सिंह यादव, राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *