लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में आज (13 मई) को निधन हो गया है. प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने प्रतीक यादव को मृत घोषित किया. अभी तक मौत के कारणों की कोई जानकारी नहीं आई है, पोस्टमार्टम से ही असली कारण पता चलेगा.
प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति थे. वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे.
प्रतीक राजनीति से दूर रहकर रियल एस्टेट और फिटनेस का कारोबार संभालते थे, लेकिन उनकी पत्नी अपर्णा राजनीतिक रूप से बेहद सक्रिय हैं. वह भाजपा की तेजतर्रार नेता हैं. दोनों की शादी 2011 में हुई और दोनों की दो बेटी भी है. वे लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लैनेट’ जिम के मालिक थे. ‘जीव आश्रय’ संस्था के जरिए स्ट्रीट डॉग्स की सेवा भी करते थे. उनके निधन से यादव परिवार और समर्थकों में शोक की लहर.



