गोरखपुर में CM योगी की बड़ी सौगात, 3.08 करोड़ से बने कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण

गोरखपुर, 15 सितंबर। गोरखपुर के अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए जल्द ही एक और आधुनिक और किफायती सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 16 सितंबर को जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे।

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से करीब 3.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह कल्याण मंडपम 2461 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाया गया है। दो मंजिला भवन में एक साथ करीब 300 लोगों की क्षमता है। इसका उद्देश्य आम परिवारों को महंगे मैरिज हाउस के विकल्प के तौर पर बेहतर और रियायती आयोजन स्थल उपलब्ध कराना है।

शादी से लेकर सामाजिक आयोजनों तक की सुविधा

कल्याण मंडपम में बड़े हॉल के साथ किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंजिंग रूम और दोनों मंजिलों पर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान के साथ इंटरलॉकिंग टाइल्स का इस्तेमाल किया गया है।

परिसर में लॉन और फव्वारे की भी व्यवस्था की गई है। यहां विवाह समारोह के अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

‘ईज ऑफ लिविंग’ विजन के तहत बढ़ रही कल्याण मंडपम की श्रृंखला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ईज ऑफ लिविंग’ विजन के तहत गोरखपुर में वार्ड स्तर पर कल्याण मंडपम विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जीडीए और नगर निगम को निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए सुविधाजनक और किफायती आयोजन स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया था।

इसी पहल के तहत गोरखपुर में अब तक सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। जंगल नकहा नंबर-2 का कल्याण मंडपम इस श्रृंखला का आठवां मंडपम होगा। इससे पहले 29 अगस्त को बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया गया था।

दो और कल्याण मंडपम पर चल रहा काम

जीडीए के अनुसार, गोरखपुर में दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी जारी है। वार्ड नंबर-7 महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर-2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में इनका निर्माण कराया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन स्थानों पर हो चुका है लोकार्पण

गोरखपुर में अब तक खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है।

IMA के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। तारामंडल क्षेत्र स्थित आईएमए भवन में स्थापित इस सेंटर से लोगों को रक्त संबंधी सेवाओं में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *