Neeraj Dwivedi Updated, 03 August 2026
ISTUPSDM और IBM के बीच हुआ ऐतिहासिक MoU, AI, डिजिटल स्किल्स और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण पर रहेगा फोकस, 20 से अधिक नामी कंपनियों ने युवाओं को दिए रोजगार के अवसर
लखनऊ, 3 अगस्त। उत्तर प्रदेश में युवाओं को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करने और रोजगार से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मेगा जॉब मेला-2026 के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM India CSR के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड स्किल्स और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बदलते रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का स्पष्ट लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक युवा को उसकी क्षमता और योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों की ओर तेजी से बढ़ रही है। ऐसे समय में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को नई तकनीकों, डिजिटल स्किल्स, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने की भी आवश्यकता है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी नौकरी को छोटा नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी से काम करने वाला व्यक्ति हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाता है। जो कर्मचारी अपने संस्थान की जरूरत बन जाता है, उसके लिए आगे बढ़ने के अवसर स्वतः तैयार हो जाते हैं। उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखने की आदत विकसित करने और समय-समय पर अपनी तकनीकी दक्षता को अपडेट रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर तेजी से आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार लगातार रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है, ताकि उद्योगों और युवाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमशीलता को नई दिशा देने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य “विकसित उत्तर प्रदेश” और “विकसित भारत” के संकल्प को युवाओं की भागीदारी से साकार करना है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM India CSR के बीच हुए MoU को प्रदेश के कौशल विकास क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया। इस समझौते के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में AI आधारित शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम, ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल और आधुनिक तकनीकी कौशल को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे लाखों युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास प्रशिक्षण और रोजगार के बीच की दूरी को समाप्त करना है। वहीं IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR प्रमुख शिप्रा शर्मा ने कहा कि IBM की यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक विश्वस्तरीय तकनीकी शिक्षा और AI आधारित कौशल प्रशिक्षण पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे युवाओं की रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
MoU के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ मेगा जॉब मेला-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, IBM के वरिष्ठ प्रतिनिधि, विभिन्न उद्योगों के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मेगा जॉब मेले में प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग एवं डिग्री कॉलेजों से आए 2,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। रोजगार मेले में Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया, साक्षात्कार दिए और अपने करियर से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्राप्त किए।
विशेषज्ञों का मानना है कि IBM जैसी वैश्विक तकनीकी कंपनी के साथ हुई यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं को केवल रोजगार दिलाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें AI और डिजिटल अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार कर राज्य को तकनीकी रूप से सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभाएगी। योगी सरकार की यह पहल प्रदेश को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


