नीरज द्विवेदी। लखनऊ/वाराणसी: बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री ने शुक्रवार शाम काशी के विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की भव्य आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीपों की मनमोहक छटा के बीच उन्होंने मां गंगा का आशीर्वाद लिया और देश व विश्व में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की।
गंगा आरती के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच भाग्यश्री की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। आरती के आध्यात्मिक वातावरण से अभिभूत अभिनेत्री ने कहा कि काशी की ऊर्जा, मां गंगा का पावन तट और यहां की आरती का अनुभव शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
आरती के बाद गंगोत्री सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से सचिव दिनेश शंकर दुबे ने भाग्यश्री को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें काशी की धार्मिक विरासत, गंगा आरती की परंपरा और उसके सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी दी गई।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती आज केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का वैश्विक प्रतीक बन चुकी है। प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस अद्भुत आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनने के लिए वाराणसी पहुंचते हैं।
भाग्यश्री की यह आध्यात्मिक यात्रा एक बार फिर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना गई।



