
नीरज द्विवेदी। 21 मई 2026, अपडेटेड 09:50 PM (IST)
लखनऊ: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में काम करने वाले कर्मचारियों के एक संगठन, All India State Bank of India Staff Federation ने 25 और 26 मई को दो दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियन का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए यह कदम मजबूरी में उठाया गया है। इस हड़ताल के चलते देश के कई हिस्सों में SBI की शाखाएं बंद या सीमित सेवाओं के साथ चल सकती हैं।
इस हड़ताल के चलते देश के कई हिस्सों में SBI की शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ऑनलाइन काम जारी रहेंगे। एसबीआई ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट और एटीएम जैसे काम सामान्य तरीके से चलते रहेंगे। लेकिन अगर आपको SBI के ब्रांच में जाकर काम पूरा करना है तो आपको 23 मई से पहले ही जाकर पूरा करा लेना चाहिए।
कर्मचारी संघ का कहना है कि उनकी कुल 16 प्रमुख मांगें हैं, जिनमें नई भर्ती, पेंशन से जुड़ी लचीलापन, प्रमोशन नीति में सुधार और कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाना शामिल है। यूनियन का यह भी कहना है कि कई शाखाओं में स्टाफ की कमी गंभीर समस्या बन चुकी है। इसके अलावा, वेतन में असमानता, सुरक्षा व्यवस्था की कमी और शाखाओं में सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति जैसे मुद्दों को भी उन्होंने प्रमुख चिंता बताया है। यूनियन का आरोप है कि कई बार बातचीत के बावजूद बैंक प्रबंधन ने इन समस्याओं पर ठोस कदम नहीं उठाए हैं।
6 दिनों तक बैंक बंद रहने के पीछे की वजह है 23 मई को महीने के चौथे शनिवार को देशभर के सभी बैंक बंद रहते हैं। वहीं 24 मई रविवार को वीकली ऑफ होने के कारण SBI के सभी बैंक बंद रहने वाले हैं, जिस कारण इस हफ्ते 2 दिनों का वीकेंड रहने वाला है. 25 और 26 मई 2026 को एसबीआई के कर्मचारी हड़ताल पर रह सकते हैं। यानी ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने सोमवार और मंगलवार को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। अगर ये हड़ताल होती है, तो इन दो दिनों में बैंक में कोई काम नहीं हो पाएगा। देश के अधिकांश हिस्सों में 27 मई को बकरीद की छुट्टी रहेगी, ऐसे में बैंक बंद रहेंगे। साथ ही 28 मई को भी बैंक कुछ शहरों में बंद रहेंगे RBI के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार, जम्मू और कश्मीर में बैंक बकरीद (27 और 28 मई) के मौके पर दो दिनों तक बंद रहेंगे।


