
उ0प्र0 पुलिस एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के मध्य सैलरी पैकेज नवीनीकरण हेतु 3 वर्ष का MoU हस्ताक्षरित, पुलिस कर्मियों के कल्याण को मिलेगा सशक्त समर्थन।
आज दिनांक 30-04-2026 को श्री राजीव कृष्ण पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा से किये गये समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत आकस्मिक दुर्घटना में मृत/दिव्यांग पुलिस कर्मियों को पुलिस सेलरी पैकेज (PSP) के अंतर्गत 22 मृत पुलिस कर्मियों के परिजनों एवं 05 दिव्यांग पुलिस कर्मियों सहित कुल 27 लोगों को 41 करोड़ 60 लाख रूपये के चेक प्रदान किये गये।

ज्ञात हो कि दिनांक 31.03.2026 को जीआरपी गोंडा में नियुक्त आरक्षी आकाश सिंह अभियुक्त को भागने से रोकने के प्रयास में ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनके दोनों पैर कट गए। इस दुखद घटना के उपरांत पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा 01 करोड़ 50 लाख रूपये की सहायता राशि का चेक पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा आरक्षी की पत्नी को प्रदान किया गया।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा मृत पुलिस कर्मियों के परिजनो एवं दिव्यांग पुलिस कर्मियों से एक-एक कर व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर कुशल क्षेम पूछा गया तथा उन्हे विभाग की तरफ से हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक रेलवे, अपर पुलिस महानिदेशक पीएचक्यू, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे, पुलिस उपमहानिरीक्षक भवन/कल्याण सहित बैंक आफ बडौदा के महाप्रबन्धक उप महाप्रबन्धक एवं शाखा प्रबन्धक उपस्थित रहे।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 की गरिमामयी उपस्थिति में बैंक ऑफ बड़ौदा एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के मध्य पुलिस सैलरी पैकेज के नवीनीकरण हेतु तीन वर्षों की अवधि के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह समझौता ज्ञापन (MoU) दिनांक 21-03-2023 को हस्ताक्षरित किया गया था। जिसकी अवधि 20-03-2026 को पूर्ण होने के उपरांत पुलिस कर्मियों के कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दृष्टिगत रखते हुए इसका नवीनीकरण किया गया है। यह (MoU) दिनांक 21-03-2026 से प्रभावी होगा।
सैलरी पैकेज के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस के कार्मिकों को व्यापक बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ बीमा संबंधी महत्वपूर्ण लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। इस पैकेज के तहत पुलिस कर्मियों को लगभग 2.30 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है, जो आंशिक एवं स्थायी दिव्यांगता तथा आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में कर्मियों एवं उनके आश्रितों को महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नवीनीकृत समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस के कार्मिकों, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रितों (फैमिली पेंशनरों) को भी दुर्घटना संबंधी विशेष सुविधाएं प्रदान किए जाना एवं उनकी वित्तीय सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी एवं कल्याणकारी पहलों को प्रोत्साहित करेगा।


