CM योगी ने लॉन्च की भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, लखनऊ समेत चार शहरों में सेवा शुरू; 5 लाख किसानों को लाभ देने का लक्ष्य
नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 23 सितंबर। उत्तर प्रदेश में टैक्सी चालकों और किसानों के लिए बुधवार को दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने भारत टैक्सी तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया।
भारत टैक्सी के जरिए टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक जीरो कमीशन पर सेवा से जुड़ सकेंगे। सरकार के अनुसार, चालकों को ₹5 लाख की सामाजिक सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल भारत टैक्सी का संचालन लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में शुरू किया गया है।

‘भारत टैक्सी’ से रोजगार को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों के लिए यह मॉडल आर्थिक सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है। उन्होंने परिवहन विभाग को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि रैपिडो के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं ने श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा दी। इससे लोगों को आसानी से परिवहन मिला और यातायात व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ा।
किसानों के लिए बड़ा बदलाव, 11% से घटकर 6% हुई ब्याज दर
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है। किसानों को खेती और कृषि मशीनरी के लिए दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार ने आगामी वर्षों में 5 लाख लघु एवं सीमांत किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
किसानों के लिए सिंचाई से लेकर गन्ना भुगतान तक का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों के ₹36 हजार करोड़ से अधिक के ऋण माफ किए गए। करीब 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ने और 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली देने की जानकारी भी उन्होंने दी।
योगी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में किसानों को ₹3.30 लाख करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। किसानों को बीज से बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पैक हाउस, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, एफपीओ और वेयरहाउस जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ाया जा रहा है।
सहकारिता क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं पर जोर
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश के 16 निष्क्रिय सहकारी बैंकों में से 15 अब मुनाफे में आ चुके हैं। सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। पैक्स की ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट सीमा को भी 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल ऐप, उर्वरक मोबाइल ऐप और कोऑपरेटिव डाटा सेंटर की शुरुआत की। लाभार्थी किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र और भारत टैक्सी के सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल समेत अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर भारत टैक्सी को रवाना किया।




