नीरज द्विवेदी। लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सितंबर की शुरुआत के साथ ही मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जबकि मौसम विभाग ने बुधवार को 21 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल और दक्षिणी यूपी में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले कुछ दिन जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है। अगले 3 से 4 दिनों तक दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का जोर बना रहने की संभावना है।
क्यों हो रही है इतनी बारिश?
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कई निम्न दबाव क्षेत्रों के कारण अगस्त में मानसून लगातार सक्रिय रहा। आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें तथा खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।



