नीरज द्विवेदी। लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए योगी सरकार ने पशुधन की सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ संभावित और जलभराव वाले क्षेत्रों में गोवंश एवं अन्य पशुओं के लिए भूसे और हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही गो-आश्रय स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में पशुओं को सुरक्षित रखा जा सके।
बैठक में मंत्री ने वर्षा ऋतु के दौरान पशुओं में फैलने वाले संक्रामक रोगों को गंभीरता से लेते हुए टीकाकरण अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत 20 जुलाई से 3 अगस्त तक चलने वाले विशेष गोवंश सुपुर्दगी अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक किसान और पशुपालक इसका लाभ उठा सकें। गोवंश सुपुर्दगी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो तथा लाभार्थियों के चयन में महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्राथमिकता दी जाए।
मंत्री ने अधिकारियों को सुपुर्द किए गए गोवंशों का नियमित सत्यापन करने, उनके स्वास्थ्य और देखभाल की निगरानी रखने तथा गो-आश्रय पोर्टल पर समय से प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को भरण-पोषण की धनराशि समय पर मिले और अभियान की साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति का आकलन किया जाए।
दुग्ध विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने, नए दुग्ध उत्पादकों को जोड़ने, संग्रहण एवं प्रसंस्करण व्यवस्था को आधुनिक बनाने और कोल्ड चेन नेटवर्क का विस्तार करने पर जोर दिया। साथ ही निर्माणाधीन डेयरी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास मुकेश कुमार मेश्राम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि पशुधन संरक्षण, डेयरी विकास और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े सभी कार्यक्रमों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।



