
यूपी में शनिवार को गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड। सुबह से ही तेज धूप के साथ लू चल रही थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास बना रहेगा। दिन में अधिकतर समय मौसम साफ रहेगा। लखनऊ का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री रहा। यूपी के कई जिलों में तो तापमान पहुंचा 45°C के पार पहुंचा। शुक्रवार को यूपी के बांदा जिले में अधिकतम तापमान 45.4°C दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा था।
पिछले वर्ष 27 अप्रैल को पहली बार तापमान 45°C के पार पहुंचा था, इस बार गर्मी ने सामान्य से करीब 10 दिन पहले से ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
वाराणसी और प्रयागराज में बढ़ती गर्मी को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। वाराणसी में स्कूलों में कक्षाओं का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और प्रयागराज में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया गया है।
यूपी में झांसी समेत 17 जिलों में अधिकतम तापमान 40°C या उससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। वहीं पश्चिमी यूपी में शुक्रवार शाम मौसम बदला। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर में आंधी-बारिश आई जिससे पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।
लखनऊ में मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-
प्रदेश के दक्षिणी भाग में अधिकतम तापमान 45°C के पार करने के साथ शुष्क पछुआ हवाएं जारी रहने से लू जैसे हालात बनेंगे। महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात (एंटी-साइक्लोन) के असर से आगामी 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2-3°C की बढ़ोत्तरी होगी। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं लू चलने की भी संभावना है।


