नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 31 अगस्त 2026: CIPET: IPT लखनऊ में सोमवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत और करियर मार्गदर्शन के लिए ‘Student Connect & Orientation Day 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
डिग्री के साथ हुनर और आत्मविश्वास जरूरी
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री से सफलता हासिल नहीं की जा सकती। व्यावहारिक कौशल, बेहतर संवाद क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने छात्रों से हार से न घबराने और लगातार अपने कौशल को विकसित करने की अपील की।
अत्याधुनिक लैब्स और वर्कशॉप का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान कपिल देव अग्रवाल ने संस्थान की टेस्टिंग लैब्स, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और आधुनिक कार्यशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक एवं पेट्रोकेमिकल प्रोसेसिंग, मोल्ड डिजाइनिंग और गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़ी तकनीकों की जानकारी ली। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
सोशल मीडिया पर समय बर्बाद न करने की सलाह
मंत्री ने विद्यार्थियों से डिजिटल तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय गंवाने के बजाय कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
संस्थान के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख विवेक कुमार ने बताया कि CIPET तकनीकी शिक्षा और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण के क्षेत्र में विद्यार्थियों को वैश्विक उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रहा है। कार्यक्रम में डॉ. राजेश पांडा, संकाय सदस्य, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी मौजूद रहे।



