Neeraj Dwivedi Updated, 5 August 2026
लखनऊ, 5 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार पिछले 9 वर्षों से प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 59,019.54 करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट में किसानों, गरीबों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और सामाजिक न्याय से जुड़े वर्गों को लाभ पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विधान भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि विधान परिषद से बजट पारित होने के बाद इसे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाया जाएगा। बजट में नई योजनाओं के साथ प्रदेश की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार और जनप्रतिनिधियों की मांगों के अनुरूप विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों, रसोइयों, ग्राम चौकीदारों और कोटेदारों का मानदेय बढ़ाने के लिए बजट में व्यवस्था की गई है। वहीं निराश्रित महिलाओं, वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन में बढ़ोतरी की दिशा में भी सरकार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए गठित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का उल्लेख करते हुए कहा कि अब उन्हें न्यूनतम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिलेगी। उन्होंने शिक्षामित्रों का मानदेय 3 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने, अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार से 17 हजार रुपये करने तथा शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।
सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, ज्योतिबा फुले, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और छत्रपति शाहू जी महाराज सहित सामाजिक न्याय के महापुरुषों के सम्मान में बजट में 407 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस धनराशि से उनकी प्रतिमाओं पर छाजन, सुरक्षित पार्क और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अनुपूरक बजट प्रदेश के समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।



