Neeraj Dwivedi Updated, 22 July 2026
लखनऊ, 22 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर के आवासीय विद्यालयों की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग और बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BSAI) के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के माध्यम से सर्वोदय विद्यालयों में शिक्षा, छात्रावास व्यवस्था, शिक्षक प्रशिक्षण और प्रशासनिक प्रणाली को आधुनिक और प्रभावी बनाया जाएगा।
गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, प्रमुख सचिव अनुराग यादव और निदेशक संजीव सिंह की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर बीएसएआई के डायरेक्टर विनय पांडेय, सीईओ सपना सुकुल और विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सरकार का मानना है कि यह साझेदारी प्रदेश के हजारों छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि सर्वोदय विद्यालयों के छात्र भी देश के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों जैसी शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
इस समझौते के तहत सर्वोदय विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षकों को बीएसएआई से जुड़े प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। वहां की पढ़ाई, हॉस्टल प्रबंधन, छात्र देखभाल, खेल, नेतृत्व विकास और प्रशासनिक व्यवस्था का अध्ययन करने के बाद एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी। यही एसओपी प्रदेश के सभी 112 सर्वोदय विद्यालयों में लागू होगी, जिससे पूरे राज्य में शिक्षा और प्रबंधन का एक समान उच्च स्तर विकसित किया जा सके।
एमओयू के तहत विद्यालयों में केवल शैक्षणिक गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि छात्रावास प्रबंधन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक और व्यक्तित्व विकास, जीवन कौशल, अनुशासन तथा तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी वही वातावरण और अवसर मिलें, जो देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में उपलब्ध हैं।
प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने कहा कि यह साझेदारी सर्वोदय विद्यालयों के लिए परिवर्तनकारी साबित होगी। वहीं बीएसएआई की सीईओ सपना सुकुल ने बताया कि किसी राज्य सरकार के साथ बीएसएआई का यह पहला एमओयू है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से उत्तर प्रदेश के सर्वोदय विद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान बनाएंगे और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार तैयार होगा।




