नीरज द्विवेदी। लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के दूसरे दिन भी परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन रही। प्रदेश के 60 जिलों में बने 955 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में लाखों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा की सबसे खास बात रही एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित निगरानी, जिसकी मदद से फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से पूरे प्रदेश के परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। सभी कैमरों की फीड पर लगातार नजर रखी गई, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके।
पहली पाली में एआई सिस्टम की मदद से 9 ऐसे लोग पकड़े गए जो दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे। वहीं एक अभ्यर्थी अपने जूते में मोबाइल छिपाकर परीक्षा कक्ष में पहुंचा, जिसे जांच के दौरान पकड़ लिया गया। दूसरी पाली में भी 2 फर्जी परीक्षार्थी सामने आए। सभी आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को दोनों पालियों में 8,07,709 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,51,321 ने परीक्षा दी। कुल उपस्थिति 93.01% रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.70%, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 93.36% दर्ज की गई।
आयोग ने बताया कि तीन दिवसीय UPTET-2026 परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को कुल पांच पालियों में आयोजित की जा रही है। अंतिम पाली की परीक्षा 4 जुलाई को होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम चरण में भी एआई आधारित निगरानी, कड़ी सुरक्षा और नकल रोकने के सभी इंतजाम पहले की तरह लागू रहेंगे।
साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और परीक्षा से जुड़ी जानकारी केवल आयोग के आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।



