“रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने वाले आज आस्था की वकालत कर रहे हैं”: सीएम योगी

लखनऊ। Neeraj Dwivedi Updated, 30 Jun 2026 17:30 PM IST

रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर जिले के मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में ₹700 करोड़ से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग पहले कांवड़ यात्रा रोकते थे, त्योहारों पर प्रतिबंध लगाते थे और “जय श्रीराम” बोलने वालों पर लाठी-गोली चलवाते थे, वही आज आस्था की बात कर रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विपक्ष के पुराने कार्यों को भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम सब जानते हैं और उन्हें मालूम है कि कौन सही है और कौन गलत। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के विकास से असहज हैं तथा जनता को भ्रमित करने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इंटरमीडिएट और हाईस्कूल परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को चेक, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता तथा सामाजिक विकास में योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया।

 

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति खराब थी, जबकि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के सभी 75 जिलों में विकास कार्य करा रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाएं सभी क्षेत्रों तक समान रूप से पहुंच रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज, नैमिषारण्य और अन्य धार्मिक स्थलों का व्यापक विकास कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और एमएसएमई, कृषि, दुग्ध, चीनी तथा एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में है।

 

रामपुर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर से जिले को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण, उद्योगों के विस्तार और रुद्रविलास चीनी मिल के पुनरुद्धार की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर काम कर रही है और तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की नीति पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा, युवाओं को रोजगार और किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लगातार दिया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *