अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यूपी में बनेगा रिकॉर्ड, 1.42 करोड़ छात्र करेंगे सामूहिक योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यूपी रचेगा नया रिकॉर्ड, 1.42 करोड़ बच्चे करेंगे योग

नीरज द्विवेदी। लखनऊ, 20 जून: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बड़े स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास का साक्षी बनेगा। प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों में लगभग 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं योग करेंगे, जबकि 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 78 हजार से अधिक छात्राएं भी इस अभियान में शामिल होंगी।

बेसिक शिक्षा विभाग ने योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम और योग के महत्व पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, अभिभावक और स्थानीय समुदाय भी सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और अनुश्रवण के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सरकार का उद्देश्य योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के जीवन में स्वस्थ आदतों, अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। गांव से लेकर शहर तक विद्यालय परिसर योगमय वातावरण के केंद्र बनेंगे।

यह आयोजन न केवल योग की वैश्विक पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि नई पीढ़ी को स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *