सीएम धामी का छात्रों से सीधा संवाद, रोजगार से भ्रष्टाचार तक बेबाक जवाब; बोले- ऐसा उत्तराखंड बनाएंगे जहां युवाओं को बाहर न जाना पड़े

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। 18 विद्यालयों के करीब 360 छात्र-छात्राओं ने रोजगार, सेवायोजन, पर्यटन, पर्यावरण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। सीएम धामी ने छात्रों के सवालों का सहज और स्पष्ट जवाब देते हुए सरकार की योजनाओं और भविष्य के विजन को सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि कोई काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है, तो टोल-फ्री नंबर 1064 अथवा संबंधित मोबाइल ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए शिकायतों की त्वरित जांच की जाती है।

‘युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े’

सीएम धामी ने कहा कि उनका सपना ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। इसके लिए प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी पर तेजी से काम किया जा रहा है।

सीमांत गांवों को बताया भारत का ‘प्रथम गांव’

छात्रा आल्या के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्र देश का आखिरी छोर नहीं, बल्कि भारत के प्रथम गांव और प्रथम क्षेत्र हैं। ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत इन क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को अपने गांव और घर के आसपास ही आजीविका मिल सके।

विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी

कक्षा 11 की छात्रा रेखा के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा उसकी सबसे बड़ी धरोहर है। सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रही है। इस दौरान उन्होंने आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में योगदान के लिए छात्रा रेखा की सराहना भी की।

34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से मुख्यमंत्री ने अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और आगे भी रोजगार व करियर के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उत्तराखंड में 7-8 करोड़ से ज्यादा पर्यटक

पर्यटन को लेकर छात्र अब्दुल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी, हवाई सेवाओं और होमस्टे जैसी सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के पर्यटन को नई गति मिली है। चम्पावत, मुनस्यारी, कौसानी, बेरीनाग, चौकोड़ी, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का परिणाम है कि उत्तराखंड में वार्षिक पर्यटक संख्या 7 से 8 करोड़ के पार पहुंच गई है। सरकार पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और उत्तराखंड की विशिष्ट आतिथ्य संस्कृति देने पर विशेष ध्यान दे रही है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। संवाद के दौरान सोनू सिंह, हिमांशी, आलिदा, खुशी अवस्थी समेत कई विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से महत्वपूर्ण समसामयिक मुद्दों पर सवाल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *